Skip to main content

History of Ajmer


ऐतिहासिक परंपराओं से ज्ञात होता है कि राजा अजयदेव चौहान ने 1100 ई. में अजमेर की स्‍थापना की थी। संभव है कि पुष्‍कर अथवा अनासागर झील के निकट होने से अजयदेव ने अपनी राजधानी का नाम अजयमेेर (मेर या मीर-झील, जैसे कश्‍यपमीर - काश्‍मीर) रखा हो। उन्‍होंने तारागढ़ की पहाड़ी पर एक किला गढ़-बिठली नाम से बनवाया था जिसे कर्नल टाड ने अपने सुप्रसिद्ध ग्रंथ में राजपूताने की कुंजी कहा है। अजमेर में, 1153 ई. में मुहम्‍मद गौरी ने नष्‍ट करके उसके स्‍थान पर अढ़ाई दिन का झोपड़ा नामक मस्जिद बनवाई थी। कुछ विद्वानों का मत है कि इसका निर्माता कुतुबुद्दीन ऐबक था। कहावत है कि यह इमारत अढ़ाई दिन में बनकर तैयार हुई थी कितु इतिहासकारों का मत है कि इस नाम के पड़ने का कारण इस स्‍थान पर मराठाकाल में होने वाला अढ़ाई दिन का मेला है। इस इमारत की कारीगरी विशेषकर पत्‍थर की नक्‍़काशी प्रशंसनीय है। इससे पहले सोमनाथ जाते समय (1124 ई.) महमूद गजनवी अजमेर होकर गया था। मुहम्‍मद गौरी ने जब 1192 ई. में भारत पर आक्रमण किया तो उस समय अजमेर पृथ्‍वीराज के राज्‍य का एक बड़ा नगर था। पृथ्‍वीराज की पराजय के पश्‍चात दिल्‍ली पर मुसलमानों का अधिकार होने के साथ अजमेर पर भी उनका कब्‍जा हो गया और फिर दिल्‍ली के भाग्‍य के साथ-साथ अजमेर के भाग्‍य का भी निपटारा होता रहा।
मुगलसम्राट अकबर को अजमेर से बहुत प्रेम था क्‍योंकि उसे मुईनउद्दीन चिश्‍ती की दरगाह की यात्रा में बहुत श्रद्धा थी। एक बार वह आगरे से पैदल ही चलकर दरगाह की जियारत को आया था। मुईनउद्दीन चिश्‍ती 12वीं शती ई. में ईरान से भारत आए थे। अकबर और जहांगीर ने इस दरगाह के पास ही मस्जिदें बनवाई थी। शाहजहां ने अजमेर को अपने अस्‍थायी निवास स्‍थान के लिए चुना था। निकटवर्ती तारागढ़ की पहाड़ी पर भी उसने एक दुर्ग-प्रासाद का निर्माण करवाया था जिसे बिशप हेबर ने भारत का जिब्राल्‍टर कहा है। यह निश्चित है कि राजपूतकाल में अजमेर को अपनी महत्‍वपूर्ण स्थिति के कारण राजस्‍थान का नाका समझा जाता था।
अजमेर के पास ही अनासागर झील है जिसकी सुंदर पर्वतीय दृश्‍यावली से आकृष्‍ट होकर शाहजहां ने यहां संगमरमर के महल बनवाए थे। यह झील अजमेर-पुष्‍कर मार्ग पर है।
अजमेर में चौहान राजाओं के समय में संस्‍कृत साहित्‍य की भी अच्‍छी प्रगति हुई थी। पृथ्‍वीराज के पितृव्‍य विग्रहराज चतुर्थ के समय के संस्‍कृत तथा प्राकृत में लिखित दो नाटक, ललित विग्रहराज नाटक और हरकली नाटक छ: संगमरमर के पटलों पर उत्‍कीर्ण प्राप्‍त हुए है। ये पत्‍थर अजमेर की मुख्‍य मस्जिद में लगे हुए थे।

Comments

Popular posts from this blog

History of Jodhpur

भूतपूर्व जोधपुर रियासत का मुख्‍य नगर। रियासत को मारवाड़ भी कहते थे। यहां के राजपूत राजा कन्‍नौज के राठोड़ - नरेश जयचंद के वंशज है। मूलत: ये राष्‍ट्रकूटों की एक शाखा से संबंधित थे जो कन्‍नौज में 946-959 ई. के बीच में , जाकर बस गई थी। 1194 ई. में जयचंद के मुहम्‍द गौरी द्वारा पराजित होने पर उसका एक भतीजा सालाजी मारवाड़ चला आया और यहां आकर उसने हटबेदी में राजधानी बनाई (1212 ई.)। 1381 ई. में राजधानी मंडोर लाई गई और तत्‍पश्‍चात 1459 ई. में में जोधपुर। इसका कारण यह था कि मेवाड़ के नाबालिग शासक के अभिभावक चौंडा ने मंडौर नरेश रनमल को युद्ध में हरा दिया जिससे रनमल के पुत्र जोधा को मंडौर छोड़कर भागना पड़ा। यद्यपि उसने मं डो र पर 1459 ई. में पुन: अधिकार कर लिया किंतु सुरक्षा के विचार से एक वर्ष पहले वह जोधपुर के गिरिदुर्ग में जाकर बस गया था और वहीं अगले वर्ष उसने जोधपुर नगर की नींव डाली। इसका शासनकाल 1458 से 1488 ई . तक था। जोधपुर के राठौर राजा मालदेव ने 1543 ई. में शेरशाह सूरी से युद्ध किया और 1562 ई. में अकबर से। इसके पश्‍चात जोधपुर नरेश मुगलों के सहायक और मित्र बन गए। औरंगजेब के समय में रा...

History of Amber, ancient capital of the state of Jaipur in Rajasthan

जयपुर से छ: मील दूर जयपुर राज्य की प्राचीन राजधानी। कहा जाता है कि 1129 ई. के लगभग कछवाहा राजपूतों को ग्वालियर से परिहारों ने निकाल दिया था। कछवाहा राजकुमार तेजकरो अपनी नवोढ़ा पत्नी सुन्दरी मरोनी के प्रेमपाश में बंध कर राजकाज भूल बैठा था जिसके फलस्वरूप उसके भतीजे परिहार ने उसे राज्यच्युत कर दिया। कछवाहों ने निष्कासित होने के पश्चात जंगली मीनाओं की सहायता से ढुंढार की रियासत स्थापित की। आमेर ढुंढार की राजधानी थी। जयसिंह द्वितीय के समय तक (1730 ई. के कुछ पूर्व) कछवाहों की राजधानी आमेर नगर में ही रही।  जयसिंह द्वितीय ने ही जयपुर बसाया और अपनी राजधानी नए नगर में बनाई।  आमेर में अकबर के दरबार के रत्न महाराजा मानसिंह द्वारा निर्मित दुर्ग और प्रासाद पहाड़ी के ऊपर स्थित हैं। इनके भीतर दरबार , दीवाने-आम , गणेशपोल , रंगमहल , यशमंदिर , सुहाग मंदिर इत्यादि उल्लेखनीय हैं। कहते है कि आमेर के भवनों की नक्काशी मुगल सम्राटों को इतनी भायी कि उसी का अनुकरण उन्होंने दिल्ली और आगरा के भवनों में किया। आमेर के दुर्ग का शीशमहल भारत में प्रसिद्ध है। इसी के लिए जयसिंह प्रथम के राजकवि बिहारी...